Showing posts with label उपहार. Show all posts
Showing posts with label उपहार. Show all posts

Monday, December 19, 2022

नयन मिलाये जीवन से जो


जन्मदिन पर

हार्दिक शुभकामनाओं सहित  

 

नयी भोर आयी जीवन में

लेकर सुंदर  सन्देश नया,  

जन्मदिवस यह कहने आया 

जो बीत गया वह समय गया !  

 

नव क्षण यहाँ लिये आता शुभ 

 ऊर्जा का पावन उपहार,

नयन मिलाये जीवन से जो 

पाए वही अनुपम  आधार ! 

 

आगे ही आगे बढ़ना है 

नहीं अन्य यहाँ  कोई मार्ग,

 पल-पल  जिसने राह दिखाई 

भीतर  जलती है वही आग ! 

 

शुभ ही केवल घट सकता है 

ईश  की इस पावन सृष्टि में,

जिसने जन्म दिया उसके ही 

सुन्दरतम इस जीवन घट में ! 


Thursday, November 3, 2016

जहाँ रहो खुशियाँ ही बिखेरो

जन्मदिवस पर ढेर सारी शुभकामनाओं के साथ


नन्हा अभिनव था गोदी में
जब हम पहली बार मिले थे,
पढ़ ली थी आँखों की भाषा
दिल भी अपने बहुत खिले थे !

सँग-सँग कितनी शामें काटीं
मुस्कानों सँग बाटीं बातें,
जंगल घूमे, मनी पिकनिकें
नदियों के पानी में झाँके !

सिक्किम की वह मधुर यात्रा
यादें दार्जलिंग की सांझी,
धुर दक्षिण की रेल यात्रा
कितनी दिल में पुलक जगाती !

सहज, सरल स्वभाव तुम्हारा
शांत हृदय और तीव्र मेधा,
न कोई शिकवा न ही अपेक्षा
जो भी मिले, संतुष्ट सदा !

सुख-दुख दोनों में सम रहतीं
बच्चों को संस्कार दिये हैं,
आज याद आ रहीं सारीं बातें
अनुपम जो उपहार दिये हैं !

सदा रहोगी तुम इस दिल में
जब तक जीवन है यह शेष,
जहाँ रहो खुशियाँ ही बिखेरो
‘विभा’ तुम हो बहुत विशेष !