Showing posts with label मुबारक. Show all posts
Showing posts with label मुबारक. Show all posts

Sunday, January 15, 2023

सपने तो सबकी आँखों में

जन्मदिन पर हार्दिक शुभकामनाओं सहित 

 

नया-नया सा दिन लगता है

नया हौसला भरतीं श्वासें,

नव कलिका मन की शाखों पर

दिल ने छेड़ी हैं नव तानें !

 

नव क्षितिज थमा जाता कोई 

नई चुनौती, नई मंजिलें,

जन्मदिवस भर जाता भीतर

नूतन अनुभवों के सिलसिले !

 

सपने तो सबकी आँखों में 

सच कोई कोई कर पाते, 

हो जुनून दिल में पक्का यदि 

अंतर में  विवेक भी जागे !

 

मालपुआ औ' मिस्सी रोटी 

पावन अग्नि की ज्वाला भी, 

मित्रों के संग मिल  मनेंगे 

लोहड़ी और जन्मदिवस भी !

  

सुघड़ मिली है जीवनसाथी, 

कदम से कदम मिलाकर चलती, 

होनहार पुत्रियाँ घर को, 

अपनी मुस्कानों से भरतीं !

 

बहुत बहुत मुबारक शुभ दिन, 

जन्मदिवस अनेकों  आयें

जीवन में हर सुख हासिल हो, 

आगे ही बस बढ़ते जायें !