Showing posts with label अवसर. Show all posts
Showing posts with label अवसर. Show all posts

Sunday, July 10, 2022

जन्मदिन एक अवसर अनुपम

जन्मदिन एक अवसर अनुपम 

 

तीन दशक औ' पाँच वर्ष का 

सफ़र सुहाना है जीवन का, 

कभी धूप झुलसाने वाली 

ज़्यादातर मौसम वसंत का  !

 

बाधाएँ कुछ कर ना पातीं  

अभय भरा है कूट-कूट कर,

तरह-तरह के वाहन भाते 

गतिमय है जीवन का हर पल  !

 

समुचित श्रम तथा सौभाग्य से 

एक मुक़ाम मिला है तुमको, 

कार्यालय में सब जानते 

और मानते भी क्षमता को  !

 

जीवन में कुछ किया है हासिल 

गर्व सभी को अति है तुम पर ,

यूँ ही गढ़ो कीर्तिमान नए 

सीमा है केवल अनंत नभ !

 

जन्मदिन एक अवसर अनुपम 

दो पल थमकर खुद में झांकें, 

चले कहाँ से, कहाँ है जाना 

मार्ग सही चुन सदा संभल के !

 

आशीषों की झोली मन में 

ऐसे ही तुम आगे बढ़ना, 

जन कल्याण व सेवा भी हो 

नए नूतन कोड भी रचना !

 

बनो प्रेरणा टीम के लिए 

कभी-कभी पकवान बनाना, 

पहने एप्रन महक उड़ा के 

किचन को थोड़ा सा फैलाना !

 

जीवन संगिनी सदा साथ है 

हर सुख-दुःख में हर मोड़ पर, 

स्वप्न पूर्ण हों तुम दोनों के 

सदा खिला हो सुंदर सा घर !