Showing posts with label यादें. Show all posts
Showing posts with label यादें. Show all posts

Thursday, June 15, 2023

पुनर्मिलन


कॉलेज के मित्रों से पुनर्मिलन के अवसर पर 

हवा में घुलकर आयीं लौट 
कुछ यादें कैम्पस को छूकर, 
की पार चौथाई सदी, दी 
दिल के दरवाजे पर दस्तक !

पुनः सजीव हुए पल भर में 
बरसों बरस पुराने सपने, 
मिटीं दूरियाँ मीलों की हैं 
फेसबुक पर सभी से मिलके !

जब से दिल को खबर हुई है 
आँखें मिलने को हैं व्याकुल, 
इक दूजे को फिर देखेंगे  
उर भी सोच-सोच है आकुल ! 

जीवन के इस दीर्घ मार्ग पर 
कितने मोड़ कठिन भी आये, 
रुक जाने के. सुस्ताने के 
अंतर में थे भाव समाये ! 

जब भी पग कमजोर पड़े थे 
भीतर कोई जोश दिलाता, 
कुछ करने जग में आये हैं 
जज्बा यही  आगे बढ़ाता ! 

इतना श्रम करके जो पाया 
घटने कैसे देता उमंग, 
कितने सपने देखे थे मिल 
उन वर्षों की यादें थी सँग ! 

माँ, बाबा की सीख याद है 
जग में सबसे हिलमिल रहना, 
जो भी जितनी पायी  क्षमता  
जग को कुछ सुंदर कर जाना ! 

एक लगन आगे बढ़ने की 
एक आग भीतर जलती थी,  
कभी मिलेंगे, जो बिछड़े हैं 
भीतर-भीतर वह कहती थी ! 

आज वही अवसर अनुपम है
नूर झलक आया चेहरों पर, 
उम्र घट गयी हो पल भर में 
पांव में थिरकन, गीत जुबां पर ! 

खुद से मिलने का जी करता 
खुद में सबको पाया जो है, 
दूर नहीं अब पल मिलने का 
गीत मिलन का गाया जो है ! 
 

Tuesday, August 18, 2015

विदाई पर

आदरणीय व प्रिय आंटी के लिये ढेर सारी शुभकामनाओं के साथ

आधी सदी से दुलियाजान में
बनते देखा तेल नगरी को,
दिल में इक इतिहास छुपाये
ले यादों की इक गठरी को !

सदा जोश भरी वह मिलतीं
जाने कितने दिलों में रहतीं,
किस्सों का हैं एक खजाना
अविरत प्रेम सी बहती रहतीं !

बचपन से ही बड़ी जुझारू
ऊर्जा कभी खत्म न होती,
दुःख सहकर भी सुख ही बाँटें
जीवन उनका सच्चा मोती !

ऊँचा कद, सौम्य मुस्कान
एक बड़ा परिवार बसाया,
असमय छूटा साथ प्रिय का
घेर न पाया दुःख का साया !

बड़े धैर्य से पाला पोसा
ब्याह किया सब कन्याओं का,
आज सुखी हैं सब निज घर में
कदर सिखाया सदा हुनर का !

ज्ञान भरा है गहरा मन में
गुरु के द्वार पे जाना सीखा,
सुख में दुःख में सम रहती हैं
रिश्तों को निभाना सीखा !

 होली हो या हो दीवाली
घर पर ही बनाएँ मिठाई,
निज हाथों से रोपें पौधे
कितनों को सिखाई सिलाई !

आज विदा की बेला आयी
साथ छूटता है अब अपना,
स्मृति सदा रहेगी मन में
जैसे कोई सुंदर सपना !

जहाँ रहें मिसाल बनेंगी
आंटी, आप उजाला जग का
ऐसे ही मुस्काते हँसते,
बढ़े सफर सुंदर जीवन का !