Friday, November 11, 2022

जीवन से संदेश दे रहे

आदरणीय व पूज्यनीय पापाजी के लिए बावनवें

जन्मदिन पर ढेर सारी शुभकामनाओं सहित 

​​

 अंतर-मन  अति है उत्साहित, हर दिन का स्वागत करें हँसकर 

दो अख़बारों के माध्यम से, दुनिया भर का लगता चक्कर !

 

बिस्तर लगा स्वयं नित  उठाते, ज़रा नहीं  प्रमाद है तन को

फ़ेसबुक, व्हाट्सएप, आदि का, अच्छा ख़ासा  ज्ञान आपको !

 

राजनीति से दूर ही रहें,  भक्ति की महानता  बताएँ

नव तकनीक सीखने का गुर, अपने हाथों चाय बनाएँ   !

 

जीवन के हर रूप की कद्र, भारत  के प्रति प्रेम अपार 

वचनों में है सत्य झलकता, दिल पाया है अतीव उदार  !

 

छोटी-छोटी बातों का भी, रहता आया ध्यान बहुत  ही 

लम्बे जीवन का यही राज,  संतुलित चर्या, साफ़-सफ़ाई !

 

माँ भी समा गयीं हैं भीतर, उनका रोल सहज निभाते 

नाती-पोते,पुत्र-पुत्री  सँग,  नव  पीढ़ी पर ममत्व लुटाते !

 

पूर्ण सजग है दृष्टि आपकी, गहराई से जग को देखे

नज़रों से कुछ बच ना पाता,  जीवन से संदेश दे रहे !

 

धैर्य असीम, आस्था अपार, याददाश्त भी बहुत तेज है, 

बचपन मन में अब भी ताज़ा, उर्दू-फ़ारसी के शेर हैं !

 

ज्ञान का इक स्रोत है भीतर, जिसने थामा  है तन-मन को

करुणा , प्रेम, भरोसा झलके, मिसल बनाया है जीवन को !

 

अनिता 

८ नवम्बर २०२२ 

 


No comments:

Post a Comment