Thursday, December 29, 2022

जीवन में अनुशासन छाया




जन्मदिन पर

वाणी मधुर, प्रेम हृदय में, प्यारी सी मुस्कान लबों पे

पाक कला में पारंगत हैं, घर सँवारा बड़े चाव से  !

भक्ति भावना भरी अंतर में,  सुंदर मन्दिर एक बनाया 

योग-प्राणायाम भोर में, जीवन में अनुशासन छाया 

व्हाट्सएप पर सुबह-सुबह ही, सुंदर शुभ सन्देश भेजतीं 

वात्सल्यमयी माँ व मासी, नए नए पकवान खिलातीं 

बालकनी में हरियाली है, सज्जा दोनों को भाती है

कनाडा कब उड़ कर जा पहुँचें, अब तो बात यही भाती है 

जन्मदिवस पर बहुत बधाई, सफल यात्रा की कामना 

कृपा ईश की बानी रहे, सबके दिल की यही भावना 

Tuesday, December 27, 2022

ज्योति ज्ञान की भर अंतर में



भांजी के लिए मंगनी पर हार्दिक शुभकामनाओं सहित


दिल पर लिक्खा नाम प्रिय का, मन ही मन कन्या मुस्काए

देख देख दर्पण में मुखड़ा, खुद से ही ज्यों शरमा जाये !

 

कृपा बरसती हो जिस घर में, प्रेमभाव का सदा हो वास

देवों का आगमन निश्चित, जहाँ कंचन-अशोक का निवास !

 

दोनों बहनें खुशी से झूमें, झोली भर-भर दें दुआएं,

मंगनी की शुभ रस्म हो रही, खुशी मनाने के दिन आये !

 

दी इक-दूजे को अंगूठी, देख-देख निहाल सब होते

मनों में उठती हैं हिलोरें, संबंधी आशीषें देते !

 

शुभ बेला, मंगलमय घड़ियाँ, सुखद सुहाने पल आए हैं,

पूर्ण हो गए, एक हुए जब, सपने जो देखे मिलजुल हैं !

 

इसी तरह हँसते मुस्काते, जीवन का सुंदर पथ गढ़ना

ज्योति ज्ञान की भर अंतर में, सबको सँग-साथ लिये बढ़ना !

 

प्रेम और सम्मान सदा हो, इक-दूजे का ध्यान सदा हो

नई-नई ऊंचाई पा लो, हर क्षेत्र में मान सदा हो !

 

कन्या-वर की यह शुभ जोड़ी, स्वयं ईश्वर ने है बांधी

प्रीत पुरानी है वर्षों की, पावन प्रेम से है रांधी

 

प्रणय यहाँ तक ले आया है, बंधे दोनों एक सूत्र में

गठबंधन यह जीवन भर का, संग-संग अब हर सुख-दुःख में


Thursday, December 22, 2022

जग में शुभ सम्मान कमाया

विवाह की वर्षगाँठ पर 

हार्दिक शुभकामनाओं सहित 

 

वर्षों के हैं साथी अनुपम 

इक दूजे के दिल में रहते, 

मिलकर घर संसार बनाया 

दुनिया से हिलमिल कर रहते !

 

अपने-अपने कार्य क्षेत्र में 

दोनों ने ही नाम कमाया, 

निज प्रतिभा कौशल के बल पर 

जग में शुभ सम्मान कमाया !

 

चंद महीने ही बाक़ी हैं 

सारी दूरी मिट जाएगी, 

वर्षों से था आना-जाना 

भ्रमण सूची सिमट जाएगी !

  

नाना जी जब घर पर होंगे 

नातिन भी अक्सर आएगी, 

छोटी बिटिया की शादी की 

तिथि निकट आती जाएगी !

 

हम सब की है यही कामना 

बार बार यह शुभ दिन आए, 

बना रहे यह साथ अनूठा 

नयन हंसें अधर मुसकाएँ !


Tuesday, December 20, 2022

सच सदा सम्मुख आए

जन्मदिन पर हार्दिक शुभकामनाओं सहित 

 

शीघ्र करो निपटारा, जज बनकर मुक़दमों का

जो पहाड़ बनकर खड़े हैं !

देर से न्याय मिले, तो खो जाता है उसका महत्व 

सालों तक चक्कर काटते न्यायालयों का 

लोग बूढ़े हो जाते हैं,

तारीख़ दर तारीख़ दिए जाते वकील व जज 

निर्णय नहीं सुनाते हैं !

तुम देश में नयी आशा, रोशनी की लहर जगाना 

लालफ़ीताशाही से मुक्त हो सकें  सभी  न्यायालय 

कुछ ऐसा भी कि झूठा गवाह मनमानी न कर पाए 

सच सदा सम्मुख  आए 

कोई निर्दोष कभी सलाख़ों के पीछे न जाए 

  न्याय के संवाहक बनना तो याद रखना 

कि पंच परमेश्वर होता है 

इस जग में चूक हो भी जाए तो उस लोक में सदा इंसाफ़ होता है 

मन में ऊँचे आदर्श लिए, अध्ययनशील तुम

परिवार का यश बढ़ाते 

भारत के सजग नागरिक बन जीवन का लक्ष्य साधते 

जन्मदिवस पर हम सभी की लो हज़ार शुभकामनाएँ 

समर्थ  बनो भेज  रहे हैं  दुआएँ !


Monday, December 19, 2022

नयन मिलाये जीवन से जो


जन्मदिन पर

हार्दिक शुभकामनाओं सहित  

 

नयी भोर आयी जीवन में

लेकर सुंदर  सन्देश नया,  

जन्मदिवस यह कहने आया 

जो बीत गया वह समय गया !  

 

नव क्षण यहाँ लिये आता शुभ 

 ऊर्जा का पावन उपहार,

नयन मिलाये जीवन से जो 

पाए वही अनुपम  आधार ! 

 

आगे ही आगे बढ़ना है 

नहीं अन्य यहाँ  कोई मार्ग,

 पल-पल  जिसने राह दिखाई 

भीतर  जलती है वही आग ! 

 

शुभ ही केवल घट सकता है 

ईश  की इस पावन सृष्टि में,

जिसने जन्म दिया उसके ही 

सुन्दरतम इस जीवन घट में ! 


Sunday, November 27, 2022

सादगी का दीप जलता


विवाह की वर्षगाँठ पर 



एक घर है दोस्ती का 

प्यार की छाँव में पलता, 

एक घर है रौशनी का 

हर अँधेरा दूर रखता !

 

इक भरोसा सदा मन में 

सत्यता का फूल खिलता, 

एक अपनापन अनोखा 

सादगी का दीप जलता !

 

बड़ों का आशीष भी है 

मित्रों की शुभकामनायें, 

प्राणियों, फूलों की भी 

घर में फैली हैं दुआएं !

  

ध्यान रखते हो सभी का 

स्वयं का भी ध्यान रखना,

स्वप्न नयनों में सलोने 

अधर  पर मुस्कान रखना !

 


Friday, November 11, 2022

जीवन से संदेश दे रहे

आदरणीय व पूज्यनीय पापाजी के लिए बावनवें

जन्मदिन पर ढेर सारी शुभकामनाओं सहित 

​​

 अंतर-मन  अति है उत्साहित, हर दिन का स्वागत करें हँसकर 

दो अख़बारों के माध्यम से, दुनिया भर का लगता चक्कर !

 

बिस्तर लगा स्वयं नित  उठाते, ज़रा नहीं  प्रमाद है तन को

फ़ेसबुक, व्हाट्सएप, आदि का, अच्छा ख़ासा  ज्ञान आपको !

 

राजनीति से दूर ही रहें,  भक्ति की महानता  बताएँ

नव तकनीक सीखने का गुर, अपने हाथों चाय बनाएँ   !

 

जीवन के हर रूप की कद्र, भारत  के प्रति प्रेम अपार 

वचनों में है सत्य झलकता, दिल पाया है अतीव उदार  !

 

छोटी-छोटी बातों का भी, रहता आया ध्यान बहुत  ही 

लम्बे जीवन का यही राज,  संतुलित चर्या, साफ़-सफ़ाई !

 

माँ भी समा गयीं हैं भीतर, उनका रोल सहज निभाते 

नाती-पोते,पुत्र-पुत्री  सँग,  नव  पीढ़ी पर ममत्व लुटाते !

 

पूर्ण सजग है दृष्टि आपकी, गहराई से जग को देखे

नज़रों से कुछ बच ना पाता,  जीवन से संदेश दे रहे !

 

धैर्य असीम, आस्था अपार, याददाश्त भी बहुत तेज है, 

बचपन मन में अब भी ताज़ा, उर्दू-फ़ारसी के शेर हैं !

 

ज्ञान का इक स्रोत है भीतर, जिसने थामा  है तन-मन को

करुणा , प्रेम, भरोसा झलके, मिसल बनाया है जीवन को !

 

अनिता 

८ नवम्बर २०२२ 

 


इक दूजे का साथ निभाकर

 प्रिय भांजी के लिए 

जन्मदिन पर ढेर सारी शुभकामनाओं सहित 

 

दिल में  सुख  की गागर  फूटी, तन-मन को जो भिगो रही है 

ऐसे ही मुसकाती रहना, ज्योति प्रेम की बिखर रही है !

 

पावन  बंधन में बँधना है, अंतर में फुलझड़ियाँ फूटें

नयनों में नव  स्वपन सजे हैं, हर बाधा हर संकट छूटे !

 

जीवन पथ पर साथ निभाने, नया तराना मिल गाएँगे  

दिल से दिल तो मिले हुए हैं, दो कुटुम्ब  भी मिल जाएँगे !

 

कुछ अधिकार सहज मिलेंगे,  कुछ कर्त्तव्य निभाने होंगे 

 अग्निदेव  के फेरे लोगी, मिलकर कदम बढ़ाने होंगे !

 

सुंदर इक परिवार  तुम्हारा, अस्तित्त्व में आ जाएगा  

दोनों परिवारों का सदा ही, रिश्ता सम्मान बढ़ाएगा ! 

 

इस जीवन का पावन लक्ष्य, है मैत्री व साझेदारी 

सेवा व सहयोग, प्रेम से, अर्धांगिनी होती है नारी !

 

शिव के बिना शक्ति कहाँ है, शक्ति बिना शिव भी अधूरे 

इक दूजे का साथ निभाकर, दोनों के हों सपने पूरे !

 

मीठे बोल  सरल स्वभाव से, सबके मन में जगह बनाना 

भीतर छिपी  अनंत ऊर्जा, बिना थके बस बढ़ती जाना !


Friday, September 9, 2022

षष्ठी पूर्ति के अवसर पर

षष्ठी पूर्ति के अवसर पर 

ढेर सारी शुभकामनाओं सहित 

 

प्यारी सी मुस्कान अधर पर 

सहज, सरल, जीवन है भाया , 

मिलतीं सबसे सदा प्रेम से 

मिलनसार कोमल दिल पाया !

 

कुदरत से भी अति लगाव है 

हरियाली छायी छत, बगिया, 

करें योग साधना,  अध्ययन 

 घर में पुस्तकालय सजाया !

 

पूजा-पाठ नित्य ही  करतीं 

मन में श्रद्धा  दीप जला है, 

सुंदर कलाकृतियों  से घर का

कोना-कोना सजा हुआ है !

 

दो पुत्रियों की स्नेहिल मॉम 

नानी की पदवी अब पायी,

जीवनसाथी सदा साथ है 

सखियों से मैत्री बढ़ायी  !

 

हुईं  साठ की है विशेष दिन 

  नया मोड़ है सुखद भावना ,

जीवन सुखमय रहे आपका 

करते हैं  नित यही कामना !

 

षष्ठी पूर्ति का परम उत्सव  

मित्र सबंधियों सँग मनाएँ, 

दिल से हमें निकट ही जानें 

चाहे हम स्वयं न आ पाएँ !


Sunday, July 10, 2022

जन्मदिन एक अवसर अनुपम

जन्मदिन एक अवसर अनुपम 

 

तीन दशक औ' पाँच वर्ष का 

सफ़र सुहाना है जीवन का, 

कभी धूप झुलसाने वाली 

ज़्यादातर मौसम वसंत का  !

 

बाधाएँ कुछ कर ना पातीं  

अभय भरा है कूट-कूट कर,

तरह-तरह के वाहन भाते 

गतिमय है जीवन का हर पल  !

 

समुचित श्रम तथा सौभाग्य से 

एक मुक़ाम मिला है तुमको, 

कार्यालय में सब जानते 

और मानते भी क्षमता को  !

 

जीवन में कुछ किया है हासिल 

गर्व सभी को अति है तुम पर ,

यूँ ही गढ़ो कीर्तिमान नए 

सीमा है केवल अनंत नभ !

 

जन्मदिन एक अवसर अनुपम 

दो पल थमकर खुद में झांकें, 

चले कहाँ से, कहाँ है जाना 

मार्ग सही चुन सदा संभल के !

 

आशीषों की झोली मन में 

ऐसे ही तुम आगे बढ़ना, 

जन कल्याण व सेवा भी हो 

नए नूतन कोड भी रचना !

 

बनो प्रेरणा टीम के लिए 

कभी-कभी पकवान बनाना, 

पहने एप्रन महक उड़ा के 

किचन को थोड़ा सा फैलाना !

 

जीवन संगिनी सदा साथ है 

हर सुख-दुःख में हर मोड़ पर, 

स्वप्न पूर्ण हों तुम दोनों के 

सदा खिला हो सुंदर सा घर !