Thursday, December 2, 2021

नन्हा-मुन्ना सा एक बालक


प्रिय प्रियांश के लिए 

जन्मदिन पर ढेर सारी शुभकामनाओं सहित 

नन्हा-मुन्ना सा एक बालक 

दिन भर घर में दौड़े भागे, 

कार्टून का है दीवाना 

टीवी देखे जब भी जागे !


नज़रें बहुत तेज हैं उसकी 

भाई की हर नक़ल उतारे, 

नाना-नानी, मासी सबको 

दे दे कर आवाज़ पुकारे !


घर के कितने काम जानता 

मैगी, ओट्स बहुत भाते हैं,

कोई अगर ज़रा भी टोके 

झट से आँसूँ आ जाते हैं !


बहुत सारा चाहिए उसको 

खेल हो या नाना का साथ, 

बड़ी मौसी संग खेले खेल  

छोटी के संग पढ़े किताब !


अपनी बात का पक्का है वह 

पियु पियु की बस रटन लगाता, 

सबको आँखों का तारा है 

भाई का संग उसको भाता !


Tuesday, November 30, 2021

रब पर भरोसा कर लिया

पापा जी के लिए 


रब पर भरोसा कर लिया

घर से  हुए बेघर तब किशोर ही तो थे 

छोटी सी उम्र में भी हौसले बड़े थे 


काम दिन में कई, की रातों को पढ़ाई 

निभाया साथ माँ-बाप का पुत्र बड़े थे 


सहा दुःख लाड़ली बिटिया के बिछड़ने का 

आँसू उन आँखों के थमते ही नहीं थे 


अनुजों को दिया था हर तरह का सहारा 

भरोसे ऐसे पाले कि टूटे नहीं थे 


पिता का साया उठा माँ की दुआएँ थीं 

वह जब गयीं परिवार के मुखिया बने थे 


बीच राह में संगिनी भी साथ छोड़ गयी 

बच्चों के चेहरे देख ज़ख़्म सी लिए थे 


दो भाई, एक बहन ने अंतिम विदा ली  

रब पर भरोसा कर लिया बिखरे नहीं थे 


Thursday, September 30, 2021

जन्मदिन पर



जन्मदिन पर

 

माह जुलाई का आया तो

संग अपने परिवर्तन लाया,

योग पुनः आया जीवन में

कुक ने हल्का फ़ूड खिलाया !

 

वरना कोरोना हावी था

हफ़्तों जिसने घर बैठाया,

फिर शेफाली की थाली से

बैठे-ठाले वजन बढ़ाया !

 

अब गाड़ी पटरी पर आयी

जीवन फिर से चल निकला है,

काम के साथ और भी कुछ है

हर मुश्किल का हल निकला है !

 

प्रैक्टो का यह साल बारहवाँ

नए नए कीर्तिमान बनाए,

ऑन लाइन का युग आया है

डाक्टर घर बैठे मिलवाए !

 

काम भी है और सेवा भी है

दोनों हाथ में लड्डू अपने,

जल्दी ही सब हो नार्मल 

फिर से देखें कल के सपने !

 

अभी तो आज में ही जीना है

नित्य ही नयी चुनौती आती,

मन में जोश मस्तिष्क में हल ले

हर दिन क़िस्मत रंग दिखाती !


Wednesday, April 28, 2021

जन्मदिन तो एक बहाना है

प्रिय भाई के लिए जन्मदिन पर 

शुभकामनाओं सहित

अर्द्धशतक पार हुआ जीवन का

पर बचपन अभी तक थामे है अंगुली

आँखों में वही शरारत

..और अधरों पर छलकती हँसी

उल्लास का हाथ थामा है

बनाया है मीत सत्य को..

हर पल घटते उत्सव की तरह

जीया है जीवन.. पाया भीतर अनंत को

जन्मदिन तो एक बहाना है

हर दिन गीत यही गाना है

इसी दिन सागर में जो लहर उठी थी

मुबारक हो खुशियाँ उसे इस सुंदर संसार की

इस जगत में ‘होना’ मात्र ही सार्थक हो जिसका

अभाव होगा भला उसे किसका..

फिर भी..जन्मदिवस पर हार्दिक शुभकामनायें 

Sunday, April 18, 2021

कब आयेगा राजकुमार

भांजी के लिए 

 


अखियों में बसा इंतजार

कब आयेगा राजकुमार,

ले जायेगा सँग में उसको

और जताएगा इकरार !

 

दर्पण में निहारे खुद को

सुंदर पाया चेहरा मोहरा,

अध्ययन तो पूर्ण हो गया 

कब छंटेगा दिल से कोहरा !

 

स्कूल में थी तो दौड़ लगाती

अब दौड़ने से घबराए,

बॅाली-बॉल, कबड्डी खेली

अब सखियों सँग मौज मनाये !

 

है मोबाइल सँग दोस्ती

एस.एम.एस. के तोड़े रिकॉर्ड,

चेतन भगत प्रिय लेखक है

याद किया करती है गॅाड !

 

पावभाजी जब मिल जाये

मुख में पानी भर भर जाये,

हर गुरुवार को मंदिर जाके

शिरडी सांई को रिझाये ! 

Sunday, April 4, 2021

दिल में बसी ईश की चाहत

 

पिताजी के लिए जन्मदिन पर
उम्र हुई, तन करे शिकायत
कभी-कभी मन भी हो आहत,
लेकिन आत्मज्योति प्रज्वलित है
दिल में बसी ईश की चाहत !
 
अब भी दिनचर्या नियमित है
ब्रह्म मुहूर्त में उठ जाते,
पीड़ा हँस कर सहना आता
औरों को भी राह दिखाते !
 
प्रभु भजन से सुबह सँवरती
दिन भर ही अध्ययन चलता है,
सुर संगीत का साथ पुराना
जिससे संध्या काल ढलता है !
 
संतानों को स्नेह बांटते 
नाती-पोती संग मुस्काते,
निज नाम सार्थक करके
सदा सहाय बन कर रहते !
 
नानक ने जो राह दिखाई
सदा उसी पर चले हैं आप,
जन्मदिन पर लें बधाई
हमें आप पर है अति नाज !

Thursday, March 18, 2021

सीधी, सरल, प्रेममयी वह

जन्मदिन पर शुभकामना सहित 


पढना, लिखना, गुनना, भाता

भीतर की दुनिया की राही,

सत्य नजर से देखे दुनिया,

सुख की नई परिभाषा पाई !

 

अब जब नीड़ हुआ है खाली,

बच्चे कभी-कभी आते हैं,

घर में एक मन्दिर बनाया,

पर्व पड़ोसियों संग मनते हैं !

 

मोह नहीं गहनों, वस्त्रों का

मुक्त हृदय की है स्वामिनी,

मुखड़ा आत्म ज्योति से दमके,

 अधरों पर आनन्द रागिनी !

 

सीधी, सरल, प्रेममयी वह

मिलने वालों का दिल छूती,

तप कर सोना और निखरता,

दर्प, गर्व से सदा अछूती ! 

Sunday, February 28, 2021

करुणा के भावों से भरकर

जन्मदिन पर शुभकामनाएं  

धैर्य अनंत हृदय में धारे

इस जीवन में विचरा करते,

करुणा के भावों से भरकर 

अनायास  सुख जग में भरते !


हैं निस्वार्थ सुकर्म जो किये  

मित्रता को सदा निभाया, 

तन, मन, धन से मुक्त हृदय हो 

जीवन में हर रोल निभाया !


भूतपर्व सहकर्मी अब भी 

स्मरण मार्गदर्शन का करते, 

नए परिवेश में ढाल लिया  

मधुर रंग जीवन में भरते !


साफ-सफाई चहूँ ओर हो

बगिया सुंदर एक बनायी,

पाक कला में हो पारंगत 

साउथ इंडियन डिश बनायी !


बुजुर्गों के लिए आदर है 

सदा सहायता को तैयार, 

घर के सभी कार्य कर लेते  

खुशी मिले जीवन में अपार !  


Sunday, February 14, 2021

सारी दुनिया अपनी है - शुभकामनाएं

प्रिय भांजे के लिए 
जन्मदिन पर ढेर सारी शुभकामनाओं के साथ

 
तुम्हारे नाम में छिपा है 
एक गांभीर्य और साथ ही एक असंगता 
जो ले गई है घर व देश से दूर 
क्योंकि तुम्हारे लिए सारी दुनिया ही अपनी है 
या कुछ भी अपना नहीं 
भरोसा है तुम्हें अपनी अंदरूनी ताकत पर 
तकनीकी ज्ञान से ही नहीं आती जो 
जिसमें छिपा है माँ-पिता का असीम दुलार और आशीष 
और अब साथ है उस संगिनी का 
जो जीवन के पथ को भर देती है अपनी मुसकानों से 
भाई-भाभी, भतीजियों से सत्कार सदा पाया है 
बहनों ने भी छोटे भाई पर 
अपार स्नेह लुटाया है 
इसी तरह रोशन करो 
तुम भविष्य की राहें 
जन्मदिन पर हम देते हैं ढेर सारी दुआएं ! 

Sunday, January 24, 2021

अब पुन: मिला घर का आंगन

प्रिय भांजे के लिए

जन्मदिन पर ढेर सारी शुभकामनाओं के साथ

 

बरसों घर से दूर रहे तुम

ममता के आँचल से वंचित,

अब पुन: मिला घर का आंगन

मित्रों से मिल अंतर हर्षित !

 

छोटे भाई का निश्छल स्नेह

अर्धरात्रि  को काटा  केक,

पापाजी ने ली है छुट्टी

परिवार हुआ है फिर से एक !

 

वस्त्रों को धोने की चिंता,

नून-तेल-लकड़ी का झंझट,

शॉपिंग, क्लीनिंग की छुट्टी

कुक, मेड का मिटा है टेंशन !

 

बचपन का घर फिर से पाया

बड़े चाव से उसे सजाया,

जिन स्वप्नों को मन में रखा

पूर्ण हों सकें वक्त है आया !

 

जीवन पथ पर बढ़ते जाओ

करुणा भाव मिला है रब से,

जन्मदिवस पर बहुत बधाई

देते हैं हम मिलकर  दिल से ! 


Thursday, January 14, 2021

बगिया श्रम से नित्य निखरती

बहनोई जी के लिए 
जन्मदिनपर ढेर सारी शुभकामनाओं सहित 

हुए प्रौढ़ पर दिल में अब भी
नन्हा सा एक बालक रहता,
मुखड़े पर बन हास्य कभी जो
चुहल भरी बातों में दिखता !

भोर बीतती फूलों के संग
बगिया श्रम से नित्य निखरती,
रसलखेमा की सुबह-शामें
कैद कैमरे में भी होतीं !

सुंदर घर औ' स्वच्छ रास्ते
रोज दुबई की सैर कराते,
उत्तम शेफ होने के राज
अब दूसरों को बतलाते !

सुर-संगीत बसा है दिल में
मधुर गीत अधरों पर रहते,
नए-नए पकवान बनाकर
घर-बाहर सबको खुश रखते !

हरफन मौला पापा पाकर
दोनों बिटियाँ करती नाज,
जीवन संगिनी सदा साथ है
है गुरु ज्ञान पर दृढ़ विश्वास !

जन्मदिवस पर हम सब देते
यह दुआ सब स्वप्न हों पूरे,
इसी तरह हँसते-मुस्काते
जीवन का हर इक क्षण बीते
 

Saturday, January 9, 2021

प्रीत ही भाषा दिलों की

छोटे भाई-भाभी के लिए 
विवाह की वर्षगांठ पर 
दशक बीते संग चलते 
हमसफ़र हम जिंदगी के,
प्रीत ही भाषा दिलों की 
पाठ सीखे बन्दगी के !

इश्क अपना फलसफ़ा है 
डोलती नैया मनों की,
घर बना सारा जहाँ यह 
तोड़ डालीं  हदें सारी !

रब बसाया दिल में जब से 
एक दूजे में झलकता,
बेटियों पर भी लुटाया 
प्रेम अंतर में पनपता !

पिता का है हाथ सिर  पर 
स्नेह का बन्धन अनोखा,
धार बहती शांति रस की 
खुला उर में इक झरोखा !

सुन रहा अस्तित्त्व सारा 
दे रहे हम भी दुआएँ,
साथ यूँही चले जन्मों 
जिंदगी यूँ मुस्कुराये !


 

Monday, January 4, 2021

मन में सुंदर ख्वाब सजे हैं

 छोटी भाभी के लिए 
जन्मदिन पर ढेर सारी शुभकामनाओं के साथ
 
नानी बनी मिराया की पर 
बचपन भीतर अब भी खिलता, 
प्रिय बहू, समर्पित सहधर्मिणी   
नयनों में अपनापन पलता !

मन में सुंदर ख्वाब सजे हैं 
बिटिया अब घर आने वाली, 
घर गूँजेगा किलकारी से 
मिल मनेगी पहली लोहड़ी !

ध्यान और सेवा से हर पल 
जीवन का बनाया अनुपम, 
हाथों में है कोई जादू 
एक से एक बनाती व्यंजन !

फ़ेसबुक, यू ट्यूब पर एक्टिव 
जाने कितनी बनी हैं सखियाँ, 
अन्नपूर्णा प्रसिद्ध हुआ है
नियमित जिसे अपडेट किया !

जन्मदिन पर यही दुआएं 
आज सभी मिल कर देते हैं, 
इसी तरह तुम बनो प्रेरणा 
ध्यान, साधना सब अपनाएं ! 


  

कितने मौसम आयें-जाएं

प्रिय ननद के लिए 
जन्मदिन पर ढेर सारी शुभकामनाओं सहित 
सत्संग की महिमा अपार है
अंतर्मन को देता शक्ति,
जीवन प्रभु की देन है सुंदर
यदि मन में हो उसकी भक्ति !

कितने मौसम आयें-जाएं
सदा खिला रहता है मुखड़ा,
गुरू का ज्ञान बसाया दिल में
सँवर गया ज्यों चाँद का टुकड़ा !

सुबह शाम घर भर की सेवा
गेहूँ, हल्दी पीसा धनिया,
घंटों रही खड़ी पैरों पर
चिक्की,और बनाया खोया !

रिश्तों की अहमियत जानती
प्रेम भाव अंतर में समाया,
प्रेरित किया सदा पुत्रियों को
हमराही का साथ निभाया !

इसी तरह भर आत्मशक्ति से
हर स्वप्न को पूर्ण करो तुम,
जन्मदिवस पर यही कामना
हर दिन हर घड़ी हो अनुपम ! 


Sunday, January 3, 2021

ननद के लिए जन्मदिन पर

ननद  के लिए जन्मदिन पर 
ढेर सारी शुभकामनाओं सहित 
 
एक समुमधुर कविता की तरह 
महकता रहता है तुम्हारा जीवन 
जिसे पल-पल आनंदित करे 
परिवार का सुदृढ़ बंधन !
देश की उन्नति में भी योगदान देती 
वर्षों से मन लगाकर बैंक में ड्यूटी निभातीं 
संतानों का भविष्य भी सुंदर बनाया है 
देकर स्नेह-संस्कार उन्हे परवान चढ़ाया है 
सपने सज रहे हैं मन में शहनाई के भी 
समय आने पर होगें पूर्ण कारज सभी 
छोटी बहन की भूमिका भी बखूबी निभाती 
दीदी-भैया का मान रखकर सदा उन्हें फोन मिलाती 
ससुराल में प्यारी बहू का सम्मान पाया है 
भाभी व देवरानी नहीं सखी बनकर स्नेह लुटाया है
आने वाला वर्ष ही नहीं सारे वर्ष मंगलमय हों 
यही दुआ देते हैं हर एक पल शांति से भरा 
और सुखमय हो !