Monday, September 28, 2026

नारीशक्ति है सदा अगाध

प्रिय भांजी के लिए 

जन्मदिन पर ढेर सारी शुभकामनाओं के साथ 


पथ में बाधा भले मिलीं, पर

  तुम हर बार संभलती गईं,

कुछ मौसम परीक्षा बन आए

पास जिन्हें कर खिलती गईं।


जो खोया उसे अंत न माना

दर्द शिकायत नहीं बनाया,

मन में सपनों को सँजोकर,

 संतानों पर प्रेम लुटाया !


कभी माँ बनकर बनीं आश्रय,

 कभी मित्र बन दिया सहारा,

उनकी छोटी-बड़ी खुशी में

 तुमने अपना संसार संवारा।


अपने पैरों पर खड़ी हुई ,

 अपनी नई पहचान बनाई,

 उम्मीदों भरी रोशनी से

 सुंदर दुनिया एक सजाई।


आज बनी हो बिज़नेस वुमेन,

 अपनी मेहनत पर विश्वास,

सिद्ध किया इस है दुनिया को

 नारीशक्ति है सदा अगाध !


ब्रह्ममुहूर्त में उठ जाती 

अंतर्मन से जुड़ जाती हो 

शक्ति अपार छुपी जो भीतर 

उसके प्रति ही मुड़  जाती हो 


जन्मदिवस पर यही दुआ है

हर इक पल तुम्हें सुकून दे,

 हर बीता कल पीछे छूटे,

 आने वाला दिन जुनून दे।


बच्चों की हँसी घर में गूँजे ,

पूरें हों सारे अरमान,

 मन में शांति, नयन में सपने,

मुखड़े पर सदा मुस्कान !

 

No comments:

Post a Comment